छेड़खानी, दहेज उत्पीड़न, पोक्सो एक्ट आदि के बारे में पुलिस ने किया जागरूक
श्रीनगर। महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए श्रीनगर पुलिस द्वारा गोला बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर उप निरीक्षक प्रवीना सिदोला व महिला कांस्टेबल हेमलता द्वारा महिलाओं एवं छात्राओं को दहेज हत्या, दहेज उत्पीड़न, छेड़खानी, पोक्सो एक्ट, गुड टच व बैड टच जैसे अपराधों व इसके रोकथाम की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसे किसी भी उत्पीड़न के खिलाफ महिलाओं को खुलकर सामने आना चाहिए व इसकी शिकायत नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज करानी चाहिए। इस मौके पर उत्तराखंड पुलिस एप के अंतर्गत गौरा शक्ति में रजिस्ट्रेशन के लिए जागरूक करते हुए रजिस्ट्रेशन किये गए।
इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में अवगत कराया गया व युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में सुरक्षित यात्रा व दुर्घटनाओं से बचने के लिए यातायात नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया व डायल 112 व 1930 की जानकारी दी गई।इस मौके पर वरिष्ठ उप निरीक्षक संतोष पैथवाल आदि मौजूद रहे।