गौ कथा/Gau katha
विशाल भंडारे के साथ आठ दिवसीय गौ कथा का समापन
श्रीनगर। गौ सेवा संवर्धन समिति के द्वितीय स्थापना दिवस पर आयोजित आठ दिवसीय गौ कथा का विशाल भंडारे के साथ बुधवार को समापन हो गया। इस अवसर पर दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गौ कथा का आनंद लिया और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
बंधन वेडिंग पॉइंट में आयोजित गौ कथा के दौरान व्यास आचार्य साकेतानन्द भट्ट जी महाराज ने कहा कि गौ सेवा करने हेतु भगवान स्वयं मथुरा गोकुल में अवतरित हुए। गौ सेवा करना ही ही सबसे बड़ा तीर्थ है। उन्होंने समस्त जनों का गौ सेवा हेतु आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार से कम से कम एक व्यक्ति, माह मे कम से कम एक दिन गौ सेवा के लिए दें। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौ संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने गाय के वैज्ञानिक, पर्यावरणीय, आध्यात्मिक, सामाजिक, धार्मिक व आर्थिक विशिष्टताओं का व्यापक वर्णन किया।
समिति के अध्यक्ष अनुज जोशी ने गौ कथा सफलतापूर्वक सम्पन्न होने पर समस्त गौ सेवकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गौ सेवा संवर्धन समिति के संरक्षक विपिन मैठाणी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीनगर, उपाध्यक्ष आनंद भंडारी, सचिव हिमांशु बहुगुणा, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र प्रसाद बर्थवाल, कोषाध्यक्ष सूर्य प्रकाश नौटियाल,
विष्णु नौडियाल सहित काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।