दुर्घटनाओं का खतरा टलेगा, यात्रा होगी सुगम
श्रीनगर। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड लोनिवी द्वारा तोताघाटी में आजकल स्लोप प्रोटक्शन का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य के बाद तीव्र ढलान से राजमार्ग पर गिरने वाले पत्थरों के गिरने का खतरा कम हो जाएगा। इससे बरसात में जहां दुर्घटनाओं का खतरा टलेगा और वहीं मार्ग अवरुद्ध नहीं होगा।
सड़क चौड़ीकरण के बाद से तोताघाटी की ऊंची पहाड़ियों की ढलान से राजमार्ग पर पत्थरों के गिरने का खतरा हर समय बना रहता है। इस कारण पूर्व में कई दुर्घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं। इस खतरे को कम करने के लिए विभाग द्वारा ऊंची पहाडि़यों पर
स्लोप प्रोटक्शन सहित सड़क किनारे पुश्तों का निर्माण किया जा रहा है। इस दौरान हो रहे निर्माण कार्य के चलते राजमार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बन रही है।
राजमार्ग खंड लोनिवी के सहायक अभियंता ललित मोहन बेंजवाल ने बताया कि अक्सर तीव्र ढलान से राजमार्ग पर पत्थर चटक कर हाइवे पर गिरने का भय बना रहता है। इस हेतु जहां तक संभव है तोताघाटी की ऊंची पहाड़ियों पर स्लोप प्रोटक्शन का कार्य कराया जा रहा है।
ढीले पत्थरों को मेन रॉक से बांधा जा रहा है। जिससे पत्थरों का हाइवे पर गिरने का सिलसिला रूकेगा और दुर्घटनाओं से बचा जा सकेगा। साथ ही बरसात के समय हाइवे बाधित होने की दिक्कतें भी दूर होंगी और यात्रा सुगम रहेगी।