
मतदाताओं, क्षेत्र के सभी लोगों, बुजुर्गों, मातृशक्ति का किया आभार व्यक्त
श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर की नवनिर्वाचित पहली महापौर आरती भंडारी एवं उनके पति पूर्व जिला पंचायत सदस्य लखपत सिंह भंडारी किसी दल में शामिल नहीं होंगे। महापौर भंडारी ने स्पष्ट कहा की जनता ने हमें निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपना आशीर्वाद दिया है। इसलिए हम इस जनादेश का सम्मान करते हुए किसी भी दल में शामिल नहीं होंगे। लेकिन नगर के विकास हेतु जहां पर भी जरूरत पड़ेगी इसके लिए मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्रियों से मुलाकात की जाएगी। बजट की पाई-पाई विकास कार्यों पर खर्च की जाएगी।
पत्रकारों से वार्ता में मेयर आरती भंडारी ने कहा कि हम एक शक्ति के खिलाफ चुनाव लड़ रहे थे, जिनके पास संसाधन थे सभी कुछ था। उसके बाद भी हमने डटकर मुकाबला करते हुए जीत हासिल की।
चुनाव जीतने को हम चुनौती नहीं मान रहे थे। चुनाव जीतने के बाद असल चुनौती अब हमारे सम्मुख है। जितने नए क्षेत्र निगम में शामिल हुए हैं उन सभी लोगों तक पहुंचना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और जिस उद्देश्य के लिए जनता ने हमें अपना आशीर्वाद दिया है उसे उद्देश्य को पूरा करना है। महापौर कार्यालय का दरवाजा हर किसी के लिए खुला रहेगा।
नहीं चला कोई वाद, जनता का मिला आशीर्वाद
मेयर आरती भंडारी ने कहा कि इस चुनाव में कोई वाद नहीं चला। बस जनता का आशीर्वाद चला है, जो हमें मिल गया है। इसके लिए उन्होंने मतदाताओं, क्षेत्र के सभी लोगों, बुजुर्गों व मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
विकास कार्य हेतु आने वाली त्रैमासिक किस्त कोई नहीं रोक सकता
उन्होंने कहा कि निकाय एवं पंचायत के विकास हेतु केंद्रीय वित्त एवं राज्य वित्त से आने वाले पैसे को कोई नहीं रोक सकता, हमने यह पूर्व में भी कहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि निकाय एवं पंचायत के विकास कार्य हेतु त्रैमासिक किश्त आती है। जिसे रोकने का कोई प्रावधान ही नहीं है। नये बने नगर निगम में इंफ्रास्ट्रक्चर अभी पूर्ण रूप से विकसित नहीं है। नगर निगम में शामिल हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधा पहुंचाना एक बड़ी चुनौती है। जिसके लिए कार्य शुरू किए जाएंगे।