सबको साथ लेकर किया जायेगा नगर निगम का सुनियोजित विकास: महापौर भंडारी
श्रीनगर। नवनिर्मित नगर निगम का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को संपन्न हुआ। शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। नव निर्वाचित महापौर एव 40 वार्ड पार्षदों द्वारा पद एव गोपनीयता की शपथ ग्रहण की गई। मेयर आरती भंडारी को अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार गर्ब्याल ने शपथ दिलाई।नवनिर्मित बोर्ड के विधिवत गठन के बाद अब नगर निगम के अधीन होने वाले विकास कार्यों को गति मिलेगी।
समारोह स्थल रामलीला मैदान पर उत्तराखंड की महान विभूतियों के चित्रों को विशिष्ट स्थान देकर महापौर आरती भंडारी ने शपथ ग्रहण समारोह को ऐतिहासिक बनाया। इस दौरान तीलू रौतेली, हेमवती नंदन बहुगुणा, पंथ्या दादा, माधो सिंह भंडारी, मौला राम तोमर, बैरिस्टर मुकुंदी लाल, भोला दत्त काला, इंद्रमणी बडोनी और वीर चंद्र सिंह गढ़वाली जैसी उत्तराखंड की महान हस्तियों के चित्र को विशेष स्थान देकर समारोह को यादगार बनाया।
कार्यभार संभालने से पहले महापौर भंडारी ने नगर निगम कार्यालय में विधिवत पूजा-अर्चना और हवन कर नगर की समृद्धि और विकास के लिए आशीर्वाद मांगा। इसके बाद आयोजित हुई पहली बोर्ड की बैठक में बाल्मीकि चौक बनाये जाने का प्रस्ताव रखा गया।
मेयर ने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य श्रीनगर के सर्वांगीण विकास को गति देना और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुनियोजित बनाना है। उन्होंने नगर के नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि श्रीनगर को आदर्श नगर बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। सभी चुने गए सम्मानित पार्षद एक परिवार की तरह हैं हमे साथ मिलकर कार्य करना है। इस अवसर पर नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, तहसीलदार धीरज सिंह राणा, सहायक नगर आयुक्त रविराज सिंह बंगारी एवं कुमारी गायत्री, मुख्य सफाई निरीक्षक शशि पंवार आदि उपस्थित रहे।