आधुनिक दंत प्रत्यारोपण तकनीकों में उल्लेखनीय योगदान के लिए हुए सम्मानित
श्रीनगर। गढ़वाल क्षेत्र में दंत चिकित्सा की आधुनिक तकनीकी की क्रांति लाने वाले शहर के वरिष्ठ दंत चिकित्सक डॉ. केके गुप्ता को वियतनाम के दनांग शहर में इम्प्लांट एक्सपर्ट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। आधुनिक दंत प्रत्यारोपण तकनीकों में उल्लेखनीय योगदान और उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. गुप्ता को इस सम्मान से नवाजा गया।
रामचंदा ओरो डेंटल क्लिनिक के संचालक डॉ. केके गुप्ता ने वियतनाम के दनांग शहर आयोजित ओस्टेम वर्ल्ड इम्प्लांट मीट 2025 में उत्तराखंड भारत का प्रतिनिधित्व किया। 22 से 24 अप्रैल 2025 तक आयोजित तीन दिवसीय ओस्टेम वर्ल्ड इम्प्लांट मीट में विश्वभर के दंत विशेषज्ञों ने शिरकत की। इस दौरान दंत चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और आधुनिक इम्प्लांट तकनीकों पर चर्चा की गई। इसमें भारत, रूस, अमेरिका, वियतनाम, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ताइवान सहित 20 से अधिक देशों के प्रमुख चिकित्सकों और शोधकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. गुप्ता ने एडवांस इम्प्लांट तकनीक से जुड़ी शोध प्रस्तुति दी और विभिन्न देशों के चिकित्सा विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श किया। सम्मेलन के दौरान डॉ. गुप्ता ने कहा कि उनका लक्ष्य वैश्विक स्तर की दंत चिकित्सा सेवाओं को भारत में सुलभ कराना और उत्तराखंड को इस क्षेत्र में अग्रणी बनाना है।कार्यक्रम में उनके द्वारा आधुनिक दंत चिकित्सा तकनीकी विशेषज्ञता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
दूरस्थ क्षेत्रों में आधुनिक दंत चिकित्सा सेवा से लोगों को लाभान्वित किए जाने पर अन्य देशों से आए दंत विशेषज्ञों द्वारा उनकी सराहना की गई। उनकी इस उपलब्धि पर चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने हर्ष जताया।